राजस्थान की मृदा
– पृथ्वी की भू-पर्पटी/क्रस्ट पर पाए जाने वाले असंगठित कणों के आवरण को मृदा कहते हैं।
– ‘मृदा’ भूमि की ऊपरी सतह होती है जो चट्टानों के टूटने फूटने, जलवायु, वनस्पति तथा अन्य जैविक प्रभावों से निर्मित होती है।
– मृदा शब्द की उत्पत्ति लैटिन भाषा के ‘सोलम’ शब्द से हुई है, जिसका अर्थ होता है ’फर्श’।
– मृदा के वैज्ञानिक अध्ययन को ‘पेडोलॉजी’ कहते हैं तथा मृदा के निर्माण की प्रक्रिया को ‘पेडोजिनेसिस’ कहते हैं।
– राजस्थान की मृदा में अत्यधिक विविधता पाई जाती है।
– अरावली की ढालों पर पथरीली व कंकड़ युक्त मृदा है तो मरुस्थलीय प्रदेश में रेतीली बलुई मृदा।
– दक्षिण-पूर्व में मालवा का पठारी भाग होने से काली मृदा है तो चम्बल, बनास व माही नदियों के किनारे उपजाऊ जलोढ़ मृदा पाई जाती है।
राजस्थान में मृदा का वर्गीकरण-
वैज्ञानिक वर्गीकरण-
– मृदा की उत्पत्ति, रासायनिक संरचना तथा अन्य गुणों के आधार पर (USA) मृदा सर्वेक्षण विभाग ने वर्ष 1975 में मृदा का वैज्ञानिक वर्गीकरण प्रस्तुत किया।
– वैज्ञानिक वर्गीकरण के आधार पर पाँच प्रकार की मृदा पाई जाती है-

(1) एरिडीसोल्स (शुष्क मृदा)- यह मृदा शुष्क जलवायु क्षेत्र अर्थात् मरुस्थलीय क्षेत्र में पाई जाती है जहाँ तापमान तो ज्यादा होता है पर नमी कम होती है। अत: यह शुष्क मृदा होती है। इसमें जैविक तत्त्वों का अभाव पाया जाता है। एरिडीसोल्स पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, नागौर, चूरू, सीकर, झुंझुनूँ में पाई जाती है।
– इस मृदा में जल धारण क्षमता कम होती है।
– इसका उपमृदा कण ऑरथिड है। जैसे-कैल्सीऑरथिड, केम्बोऑरथिड, सेलोऑॅरथिड तथा पेलिऑरथिड।
(2) एन्टीसोल्स– (रेतीली बलुई मृदा/ पीली–भूरी मिट्टी)– राजस्थान में सर्वाधिक विस्तार एन्टीसोल्स मृदा का है।
– पश्चिमी राजस्थान के लगभग सभी जिलों में यह रेतीली बलुई मृदा पाई जाती है। इसके दो उपमृदाकण हैं- सामेन्ट्स और फ्लूवेन्ट्स।
– इस मृदा की जलधारण क्षमता न्यूनतम होती है। यह एक ऐसी मिट्टी है जिसमें विभिन्न प्रकार की जलवायु में स्थित मृदाओं का समावेश मिलता है।
(3) इन्सेप्टीसोल्स (लाल मिट्टी)- यह मृदा अर्द्ध शुष्क जलवायु प्रदेश/अरावली पर्वतीय प्रदेश में पाई जाती है।
– यह लाल मृदा होती है, जिसके लाल रंग होने का प्रमुख कारण लौह ऑक्साइड की प्रधानता होती है। इसमें ह्यूमस तथा नाइट्रोजन की अधिकता होती है तथा यह मक्का की खेती हेतु उपयोगी होती है।
– यह मृदा शुष्क जलवायु में कभी नहीं पाई जाती है। इसका उपमृदाकण है- उस्टोक्रेप्टस
(4) एल्फीसोल्स (जलोढ़ मृदा)– राजस्थान के पूर्वी मैदानी प्रदेशों में एल्फीसोल्स मृदा पाई जाती है। यह मृदा सर्वाधिक उपजाऊ मृदा होती है। इसमें कैल्सियम तथा फॉस्फोरस की अधिकता होती है। एल्फीसोल मृदा में नाइट्रोजन स्थिरीकरण तीव्र होता है। यह मृदा जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, टोंक, सवाईमाधोपुर आदि जिलों में पाई जाती है। इसका उपमृदाकण ‘हेप्लुस्ताल्फस’ है।
(5) वर्टीसोल्स (काली मिट्टी)– इस मृदा में अत्यधिक क्ले उपस्थित होती है।
– यह मृदा राजस्थान के हाडौ़ती के पठारी क्षेत्र में पाई जाती है। यह काले रंग की मृदा होती है जो कपास हेतु उपयोगी होती है क्योंकि इसके कण बारीक होने से इसमें सर्वाधिक जल धारण क्षमता होती है। इस मृदा में लोहा तथा एल्युमिनियम की प्रधानता पाई जाती है।
कृषि में उपयोगिता, उलब्धता, प्रधानता के आधार पर
कृषि में उपयोगिता तथा प्रधानता के आधार पर राजस्थान में नौ प्रकार की मृदा पाई जाती हैं-
1. लाल-पीली मृदा – भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक, सवाईमाधोपुर
2. लाल-लोमी मृदा – उदयपुर, डूँगरपुर बाँसवाड़ा, चित्तौड़गढ़
3. लाल-काली मृदा – चित्तौड़गढ़, कोटा, बूँदी, भीलवाड़ा
4. भूरी रेतीली मृदा – नागौर, सीकर, झुंझुनूँ, जोधपुर, जालोर
5. भूरी दोमट मृदा – जालोर, पाली, सिरोही
6. रेतीली बलुई मृदा – बीकानेर, जैसलमेर, गंगानगर, बाड़मेर
7. जलोढ़ मृदा – जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर
8. मध्यम काली मृदा – कोटा, बूँदी, बाराँ, झालावाड़
9. लवणीय मृदा – जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, नागौर, सीकर
(1) रेतीली बलुई मृदा- यह पश्चिमी मरुस्थलीय प्रदेश के जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर आदि जिलों में सर्वाधिक पाई जाती है। इसके कण मोटे होने के कारण इसकी जलधारण क्षमता न्यूनतम होती है। इस मृदा में नाइट्रोजन व कार्बनिक लवणों का अभाव होता है। यह मृदा बाजरा, मूँग, मोठ की फसलों के लिए उपयुक्त हैं।
(2) भूरी रेतीली मृदा- यह मिट्टी राज्य के नागौर, जोधपुर, पाली, सीकर, झुंझुनूँ आदि जिलों में पाई जाती है। इस मिट्टी में फॉस्फेट के तत्त्व अधिक मिलते हैं।
(3) लाल लोमी मृदा- यह मृदा दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर, डूँगरपुर, प्रतापगढ़ व बाँसवाड़ा जिलों में पाई जाती है। इस मृदा में मक्का, गन्ना, चावल (माही, सुगंधा) आदि फसलें पैदा होती है।
(4) लाल पीली मृदा (भूरी मृदा)- इस प्रकार की मृदा बनास नदी के बेसिन में अधिक पाई जाती है। जैसे- अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, सवाईमाधोपुर आदि जिलों में पाई जाती है।
(5) लाल काली मृदा- यह मालवा की ही काली मिट्टी का विस्तार होती है किंतु यह मिट्टी बलुई दोमट या मटियारी मृदा के रूप में मिलती है। यह मृदा चित्तौड़, भीलवाड़ा व उदयपुर के पूर्वी भागों में पाई जाती है।
(6) मध्यम काली मृदा- इस मिट्टी का रंग गहरा भूरा और काला होता है। इस मृदा का निर्माण लावा पदार्थों से होता है। काली मृदा के कण बारीक होने से इसकी जल धारण क्षमता उच्च होती है।
– इस मृदा में नाइट्रोजन, फॉस्फेट और पोटाश की मात्रा अधिक होने से यह उपजाऊ होती है। यह मृदा कपास की खेती हेतु सर्वाधिक उपयुक्त होती है इसलिए इसे कपासी या रेगुर मृदा भी कहते हैं।
(7) जलोढ़ मृदा- राजस्थान के पूर्वी मैदानी प्रदेशों अलवर, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर आदि में नदियों द्वारा बहाकर लाई गई जलोढ़/कछारी मिट्टी पाई जाती है। जलोढ़ मृदा सर्वाधिक उपजाऊ मृदा होती है। यह गेहूँ, चावल आदि के लिए उपयोगी होती है।
(8) क्षारीय/ लवणीय मृदा- यह मृदा खारे पानी की झीलों के आसपास के क्षेत्रों में पाई जाती है। यह मृदा अनुपजाऊ होती है। इस मृदा में लवणीयता पाई जाती है। बाड़मेर, नागौर, जैसलमेर व बीकानेर जिलों में लवणीय मृदा पाई जाती है।
(9) भूरी दोमट मृदा- यह पाली, सिरोही, जालोर आदि जिलों में पाई जाती है।
निर्माण के आधार पर मृदा के 8 प्रकार-
– भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (नई दिल्ली) द्वारा निर्माण के आधार पर राजस्थान की मृदा को आठ भागों में विभाजित किया गया है-
उत्पत्ति के कारकों के आधार पर
प्रो. थार्प एवं स्मिथ ने उत्पत्ति के कारकों के आधार पर राजस्थान में मृदा को आठ भागों में विभाजित किया
1. रेतीली बलुई मृदा – सीमावर्ती जिलों में
2. लवणीय मृदा – नमकीन झीलों के किनारे
3. पहाड़ी मृदा – अरावली पर्वतमाला के तलहटी में
4. धूसर (सिरोजम) मृदा – पाली, नागौर, अजमेर, जयपुर, दौसा
5. लाल बलुई मृदा – चूरू, झुंझुनूँ, जालोर, बाड़मेर, पाली
6. भूरी मृदा – भीलवाड़ा, टोंक, सवाई माधोपुर, बूँदी, चित्तौड़गढ़
7. लाल दोमट मृदा – राजसमंद, उदयपुर, डूँगरपुर, बाँसवाड़ा
8. जलोढ़ मृदा – अलवर, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, धौलपुर, जयपुर
(1) जलोढ़ मृदा-
– इसे दोमट/काप/कछारी मृदा भी कहते हैं।
– इस मृदा का निर्माण नदियों द्वारा बहाकर लाए गए अवसादों के जमाव से होता है।
– इस मृदा का विस्तार क्षेत्र निम्नलिखित क्षेत्रों में हैं –
– पूर्वी मैदानी प्रदेश
– घग्घर का मैदान
– छप्पन का मैदान
– कांठल का मैदान
– रोही का मैदान
– यह मृदा सर्वाधिक उपजाऊ होती है।
– इसमें नाइट्रोजन व ह्यूमरस की कमी होती है।
– इस मृदा में कैल्सियम व फॉस्फोरस पाया जाता है।
– जलोढ़ मृदा चार प्रकार की होती हैं-
भाबर, तराई, बांगर, खादर
– राजस्थान में सिर्फ बांगर और खादर ही पाई जाती है-
बांगर – प्राचीन जलोढ़ मिट्टी
खादर – नवीन जलोढ़ मिट्टी
(2) काली मृदा-
– इसे कपासी या रेगुर मृदा भी कहते हैं।
– इस मृदा का निर्माण ज्वालामुखी क्रिया के समय निकलने वाले लावा से होता है।
– इस मृदा का विस्तार क्षेत्र हाड़ौती का पठार है।
– कोटा, बूँदी, बाराँ व झालावाड़ जिलों में पाई जाती है।
– इस मृदा के कण बारीक होने से इसकी जल धारण क्षमता सर्वाधिक होती है इसलिए इसमें कपास की खेती अधिक की जाती है। काली मिट्टी में लोहा और एल्युमिनियम पाया जाता है, जिसमें टीटेनोफेरस मैग्नेटाइट यौगिक का निर्माण होता है जो कि इस मृदा के काले रंग का होने का कारण है।
(3) रेतीली बलुई मिट्टी-
– इसका निर्माण टेथिस सागर के अवशेष के रूप में हुआ है।
– राजस्थान में सर्वाधिक रेतीली बलुई मिट्टी पश्चिमी राजस्थान में जैसलमेर में पाई जाती है।
– इस मृदा के कण मोटे होने से इसकी जलधारण क्षमता न्यूनतम होती है।
(4) क्षारीय मृदा/लवणीय मृदा/रेह/ऊसर/कल्लर/चॉपेन-
– इस मृदा का निर्माण मृदा में लवणीय पदार्थों की अधिकता के कारण होता है।
– इस मृदा का विस्तार खारे पानी की झीलों के आसपास जैसे- फलोदी, सांभर, नागौर, बीकानेर आदि में हैं।
– यह मृदा सर्वाधिक अनुपजाऊ होती है।
(5) लाल मृदा-
– लाल मृदा का निर्माण पर्वतों के ऊपरी परत के अपक्षरण (टूटने) से होता है।
– मृदा के लाल रंग होने का कारण मृदा में लौह-ऑक्साइड की अधिकता होना है।
– लाल मृदा में ह्यूमस व नाइट्रोजन की अधिकता पाई जाती है। यह उदयपुर के आस-पास पाई जाती है। लाल मृदा मक्का की फसल हेतु सर्वाधिक उपयोगी है।
– यह मृदा उदयपुर, डूँगरपुर, राजसमन्द चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा में पाई जाती है।
(6) लाल पीली मृदा-
– इस मृदा का निर्माण ग्रेनाइट तथा नीस चट्टानों के अपक्षरण से होता है। इस मृदा का विस्तार बनास बेसिन क्षेत्र के भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक, सवाईमाधोपुर में है। लाल पीली मृदा मोटे अनाज की कृषि हेतु उपयोगी है। मुख्यत: ज्वार की फसल हेतु।
(7) लैटेराइट मृदा-
– इस मृदा का निर्माण उच्च तापमान तथा उच्च वर्षा वाले क्षेत्रों में आकस्मिक जलवायु परिवर्तन से होता है। लेटेराइट मृदा भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में पाई जाती है। यह काजू, नारियल, कॉफी हेतु उपयोगी होती है।
(8) पीट मृदा-
– इस मृदा का निर्माण दलदली मृदा में जैविक पदार्थों के मिलने से होता है।
विस्तार- डेल्टाई प्रदेश, कच्छ का रन आदि में पाए जाते हैं जहाँ मैंग्रोव वनस्पति पाई जाती है।
राजस्थान का कृषि विभाग द्वारा मृदा का वर्गीकरण-
1. साई रोजेक्स – श्रीगंगानगर
2. रेवेरिना – श्रीगंगानगर
3. मरुस्थली मृदा – जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, सीकर, नागौर, चूरू, झुंझुनूँ, श्रीगंगानगर
4. जिप्सीफेरस – बीकानेर
5. धूसर-भू री जलोढ़ मृदा – नागौर, पाली, सिरोही, जालोर, अजमेर
6. गैर चूना युक्त भूरी मृदा – नागौर, सीकर, झुंझुनूँ, जयपुर, अजमेर, अलवर
7. नवीन जलोढ़ मृदा – जयपुर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, अलवर
8. पीली-भूरी मृदा – भीलवाड़ा, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, टोंक, जयपुर, सवाई माधोपुर
9. नवीन भूरी मृदा – अजमेर एवं भीलवाड़ा
10. पर्वतीय मृदा – कोटा एवं उदयपुर
11. लाल-लोमी मृदा – बाँसवाड़ा एवं डूँगरपुर
12. काली गहरी मध्यम मृदा – भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, बूँदी, भरतपुर
13. केल्सी ब्राउन मरुस्थली मृदा – जैसलमेर एवं बीकानेर
14. मरुस्थल एवं बालुका-स्तूप – बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर
नोट: रेवेरिना मृदा-
– राजस्थान में घग्घर और सतलुज के मध्य के मैदान में रेवेरिना मृदा पाई जाती है जो गेहूँ की फसल हेतु उपयोगी होती है। रेवेरिना मृदा में जब लवणता की मात्रा बढ़ जाती है तो वह साईरोजेक्स कहलाती है।
– रेवेरिना और साइरोजेक्स दोनों प्रकार की मृदा श्रीगंगानगर में पाई जाती है।
मृदा की समस्याएँ –
(A) मृदा अपरदन
· राज्य में मृदा अपरदन गंभीर समस्या है, मृदा की उर्वरता के विनाश को देखते हुए इसे रेंगती मृत्यु कहते हैं।
· वायु और जल के द्वारा मृदा की ऊपरी परत के बह जाने/उड़ जाने को मृदा अपरदन कहते हैं।
· राजस्थान में हाड़ौती के पठार में सर्वाधिक जलीय अपरदन होता है।
· राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में वायु द्वारा मृदा का अपरदन होता है।
· मृदा अपरदन, नालीनुमा अपरदन और परत अपरदन के रूप में होता हैं।
मृदा अपरदन के कारण
· वनों की अन्धाधुंध कटाई, अत्यधिक पशुचारण, झूमिंग कृषि तथा अवैज्ञानिक रूप से कृषि।
मृदा अपरदन को रोकने के उपाय–
· वनों की कटाई पर रोक, पशुचारण पर नियंत्रण, पक्तिबंद्ध पौधों को लगाना एवं खेतों की मेड़बंदी।
(B) मृदा उर्वरता के ह्रास की समस्या
· फसलों के लिए मिट्टी के निरन्तर उपयोग और कृषि की विनाशकारी पद्धति को अपनाने से मिट्टी की उत्पादन क्षमता का ह्रास होता है, जिससे क्षारीयता व लवणीयता की समस्याएँ उत्पन्न होती है।
· नहरी क्षेत्रों में मृदा जलाक्रांति की समस्या से प्रभावित है।
मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखने के प्रयास–
· मक्का, कपास, जौ, फसलों को उगाना चाहिए, जिससे मिट्टी की लवणीयता की समस्या नियंत्रित हो सके।
· मूँग, चना (दाल वाली फसलें) को चक्र में बोना चाहिए, जिससे मिट्टी में नाइट्रोजन की कमी दूर हो जाए।
(C) मिट्टी की लवणीयता एवं क्षारीयता की समस्याएँ–
· मिट्टी में लवणीयता व क्षारीयता के कारण भूमि के उपजाऊपन में लगातार कमी आ रही है। यह एक प्रमुख समस्या है।
· इस समस्या के मुख्य कारण –
I. ज्यादा सिंचाई से भूमि के नीचे के लवणों का ऊपर आना।
II. कुओं में पानी के खारेपन के कारण नमक का सतह पर आना।
III. मिट्टी में उपस्थित लवणों का ऊपर आना।
IV. पानी का ठहराव।
V. कुओं में पानी की सतह ऊँची होना।
उपचार
· गोबर की खाद्य व जिप्सम का प्रयोग उत्तम होता है।
· गन्ना, कपास, गेहूँ, जौ जैसी फसलों को बोना चाहिए क्योंकि यह खार सहन करने में सक्षम होती है।
Note:-
· राजस्थान में सेम की समस्या से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी (हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर) है।
· सेम की समस्या के निवारण हेतु अधिकाधिक वृक्षारोपण, फव्वारा सिंचाई पद्धति को बढ़ावा देना, जिससे भूमि उपजाऊपन को पुन: हासिल कर सके।
अन्य महत्त्वपूर्ण तथ्य:-
· मृदा की लवणियता एवं क्षारीयता की समस्या के समाधान हेतु जिप्सम का प्रयोग किया जाता है।
· काली मृदा में स्वयं जुताई का गुण पाया जाता है।
· राजस्थान में सर्वाधिक बेकार भूमि क्रमश: जैसलमेर (68.34%), बीकानेर तथा उदयपुर में हैं।
· राजस्थान में सर्वाधिक ‘सेम’(जलभराव) की समस्या से प्रभावित जिले – श्री गंगानगर और हनुमानगढ़ हैं।









